बरेली में पशु तस्करों का गिरोह पकड़ा, 6 आरोपी गिरफ्तार, सरगना फरार

बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। आरोप है कि गिरोह में शामिल कुछ लोगों का उपयोग केवल “कैरियर” के रूप में किया जाता था, ताकि उन पर पुलिस को कम शक हो और पशुओं की आवाजाही आसानी से कराई जा सके।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हाल ही में गांव सावरखेड़ा में संरक्षित पशु के कटान की घटना को इसी गिरोह ने अंजाम दिया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना हाफिजगंज क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपियों ने बताया कि सावरखेड़ा के पास स्थित जंगलनुमा इलाके में वे चोरी किए गए पशुओं को पहले छिपाकर रखते थे। घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर पशुओं को वहां बांधा जाता था और रात के समय उनका कटान कर मांस को वाहनों के जरिए विभिन्न स्थानों पर भेज दिया जाता था।
इस मामले में धौराटांडा क्षेत्र का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के संगठित अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





