No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली में बड़ी कार्रवाई: दो चौकी प्रभारी समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित, पशु अवशेष मामले में एक्शन

No Slide Found In Slider.

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में रेलवे भूमि पर लगातार दो दिन पशु अवशेष मिलने के मामले में पुलिस विभाग पर बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने जांच रिपोर्ट के आधार पर दो चौकी प्रभारियों समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव की जांच रिपोर्ट के बाद की गई। प्राथमिक जांच में कर्मचारीनगर चौकी प्रभारी अमित कुमार और बैरियर वन चौकी प्रभारी उमेश कुमार राय की लापरवाही सामने आई। इनके साथ ही बीट क्षेत्र के हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम, पप्पूराम, सर्वेश कुमार, मनोज कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार की जिम्मेदारी भी तय की गई।

घटना के बाद एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय ने मौके का निरीक्षण किया था, जिसमें सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में गंभीर खामियां पाई गईं। इसी के आधार पर सभी सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, कुछ अन्य कर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव की भी तैयारी है।

दूसरे दिन भी मिले पशु अवशेष, बढ़ी जांच

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर रोड स्थित नाले में रविवार को लगातार दूसरे दिन भी पशुओं के अवशेष मिले। प्रारंभिक तौर पर ये अवशेष पुराने बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस को शक है कि किसी संगठित गिरोह द्वारा सुनसान इलाके में पशुओं का अवैध कटान किया गया है।

शनिवार को भी इसी स्थान से अवशेष मिलने के बाद हिंदू युवा वाहिनी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी।

रविवार को दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से नाले की खुदाई कराई गई। इस दौरान और भी अवशेष बरामद हुए। मौके पर बुलाए गए चिकित्सक ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

रेलवे की जमीन बनी अपराधियों का ठिकाना

जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह रेलवे की सुनसान और विस्तृत भूमि है, जहां झाड़ियां और जंगल जैसे हालात हैं। नैनीताल हाईवे से सटे इस इलाके में लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से तस्करों ने इस क्षेत्र को अवैध पशु कटान के लिए चुना।

इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के अनुसार, मामले की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को भी दे दी गई है और संयुक्त रूप से जांच की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button