बरेली: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को मिली बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वाराणसी के पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल से “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का बरेली के विकास भवन सभागार में लाइव प्रसारण किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं लाभार्थियों ने कार्यक्रम को देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत लाभार्थी शिक्षकों एवं उनके परिवारों को चेक वितरित किए गए। साथ ही डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए ₹1200 प्रति छात्र-छात्रा की सहायता राशि प्रदान की गई। नवीन नामांकित बच्चों को पाठ्यपुस्तकें एवं स्टेशनरी भी वितरित की गई।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने योजना को शिक्षकों के हित में मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक राघवेंद्र शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, सीडीओ देवयानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा और विद्यार्थियों के शैक्षिक सशक्तिकरण की दिशा में यह योजना प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
LIVE BHARAT TV
सच्ची खबर, सबसे पहले।






