घायल विधायक से मिलने पहुंचे मंत्री धर्मपाल सिंह, अस्पताल में जाना हालचाल

बरेली/बदायूं। जनपद बदायूं की दातागंज विधानसभा सीट से विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चिंता का माहौल है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह बरेली पहुंचे और अस्पताल में भर्ती विधायक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली स्थित वेदांता हॉस्पिटल में पहुंचकर चिकित्सकों से विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने इलाज की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
परिजनों को बंधाया ढांढस
अस्पताल में मंत्री ने विधायक के परिजनों और समर्थकों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है।
लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं विधायक
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ क्षेत्र के लोकप्रिय और सक्रिय जनप्रतिनिधि हैं। उनके स्वस्थ होने की कामना न केवल क्षेत्रवासियों बल्कि पूरे प्रदेश के लोग कर रहे हैं।
अस्पताल में जुटी समर्थकों की भीड़
विधायक के घायल होने की खबर मिलते ही उनके समर्थक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ देखने को मिली, जहां सभी अपने नेता के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।






