No Slide Found In Slider.
बरेली

डिलीवरी बॉय नहीं, शहर की धड़कन हैं ये युवा: बरेली में मेयर उमेश गौतम ने किया सम्मानित, बोले- ‘इनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी’

No Slide Found In Slider.

डिलीवरी बॉय नहीं, शहर की धड़कन हैं ये युवा: बरेली में मेयर उमेश गौतम ने किया सम्मानित, बोले- ‘इनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी’

बरेली। तपती दोपहर हो या कड़कड़ाती सर्द रात… बारिश में भीगी सड़कें हों या ट्रैफिक से जाम शहर की गलियां… पीठ पर भारी बैग टांगे, चेहरे पर मुस्कान और समय पर डिलीवरी पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते ये युवा अब सिर्फ “डिलीवरी बॉय” नहीं रहे, बल्कि आधुनिक समाज की जरूरत और भरोसे की सबसे मजबूत कड़ी बन चुके हैं। इन्हीं मेहनतकश युवाओं के सम्मान में शुक्रवार को बरेली के रामाडा होटल में एक अनोखा और भावुक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां शहर के सैकड़ों डिलीवरी कर्मियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।

युवा सेवक संघ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े डिलीवरी पार्टनर्स को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम रहे, जिन्होंने मंच से डिलीवरी कर्मियों को “समाज के असली सेवा योद्धा” बताते हुए बड़ा सामाजिक संदेश दिया।

“कोरोना काल में इन युवाओं ने निभाई सबसे बड़ी जिम्मेदारी”

मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि जब कोरोना महामारी के दौरान लोग अपने घरों से बाहर निकलने तक से डर रहे थे, उस समय यही डिलीवरी कर्मी लोगों तक दवा, भोजन और जरूरी सामान पहुंचाने का काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने बिना अपनी परवाह किए समाज की सेवा की और लोगों की जरूरतों को पूरा किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का सम्मान उसके काम से कम नहीं आंका जाना चाहिए। मेहनत करने वाला हर इंसान सम्मान का अधिकारी है। समाज को अपनी सोच बदलनी होगी और उन लोगों को भी बराबर सम्मान देना होगा, जो चुपचाप दिन-रात लोगों की सेवा कर रहे हैं।

“कम से कम एक गिलास ठंडा पानी जरूर पिलाइए”

कार्यक्रम के दौरान मेयर ने बेहद भावुक अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों में एसी और कूलर की ठंडक में बैठे रहते हैं, लेकिन जो युवा तपती धूप में खाना और जरूरी सामान लेकर उनके दरवाजे तक पहुंचते हैं, उनके लिए भी संवेदनशील होना जरूरी है।

उन्होंने कहा—
“जब कोई डिलीवरी कर्मी आपके घर खाना लेकर आए, तो कम से कम उसे एक गिलास ठंडा पानी जरूर पिलाइए। इससे उसे भी राहत और सम्मान महसूस होगा।”

मेयर के इस संदेश पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया।

डिलीवरी कर्मियों को दी जाएगी ठंडे पानी की सुविधा

मेयर डॉ. उमेश गौतम ने डिलीवरी कर्मियों के लिए एक विशेष पहल की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सभी डिलीवरी कर्मियों को मिल्टन कवर वाली एक लीटर पानी की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे भीषण गर्मी में अपने साथ ठंडा पानी रख सकें।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पार्थ गौतम फाउंडेशन द्वारा शहर में लगाए गए 12 वाटर काउंटरों पर इन डिलीवरी कर्मियों की बोतलों में निशुल्क ठंडा पानी रिफिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल उन युवाओं के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है, जो पूरे दिन सड़कों पर रहकर सेवा देते हैं।

समाज को दिया संवेदनशीलता का संदेश

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने डिलीवरी कर्मियों का खड़े होकर स्वागत किया। आयोजन का उद्देश्य सिर्फ सम्मान देना नहीं, बल्कि समाज में मेहनतकश युवाओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को मजबूत करना था।

कार्यक्रम के अंत में डिलीवरी कर्मियों ने भी सम्मान मिलने पर खुशी जताई और कहा कि पहली बार उन्हें लगा कि समाज उनके काम और संघर्ष को समझ रहा है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button