बरसात से पहले एक्शन मोड में नगर निगम बरेली, सभी 80 वार्डों में नालों की सफाई तेज

उत्तर प्रदेश | बरेली | रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | लाइव भारत टीवी
बरेली। बरसात के मौसम से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम बरेली ने व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त संजीव मौर्य के निर्देश पर सभी 80 वार्डों में बड़े और छोटे नालों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है।
‘लाइव भारत टीवी’ की टीम ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया, जहां सफाई कर्मचारी सक्रिय रूप से नालों की सफाई करते दिखे। कर्मचारियों ने बताया कि नगर आयुक्त के नेतृत्व में सफाई व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जा रहा है और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान भी प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है।
नगर निगम केवल सफाई कार्यों पर ही नहीं, बल्कि नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दे रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार, इस जागरूकता से शहर में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी वार्ड में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सफाई कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। यह अभियान न केवल बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करेगा, बल्कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
नगर निगम बरेली का यह प्रयास ‘स्वच्छ शहर, स्वस्थ नागरिक’ की सोच को साकार करने की दिशा में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।






