पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान, घर में मचा कोहराम

लाइव भारत टीवी बरेली
बरेली थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के रामगंगा नगर कॉलोनी में शुक्रवार शाम घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रामगंगा नगर कॉलोनी के डी-ब्लॉक निवासी सुमित (26) अपनी पत्नी काजल के साथ रहता था। दोनों की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। सुमित पेशे से टेंपो चालक था और परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद काजल कमरे से बाहर आ गई। इसी दौरान सुमित ने कमरे के अंदर दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद जब काजल वापस कमरे में पहुंची तो सुमित को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “घरेलू विवाद के चलते युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।”





