Bareilly News: बिना रॉयल्टी घुस रहे ओवरलोड ट्रक–डंपर, मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत, प्रशासन पर उठे सवाल।

उत्तर प्रदेश लाइव भारत टीवी
बरेली। उत्तराखंड सीमा से रेत-बजरी के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर ट्रांसपोर्टरों ने साक्ष्यों सहित मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि बाजपुर और हल्द्वानी की ओर से आने वाले ओवरलोड डंपर बेखौफ उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ राजस्व का नुकसान हो रहा है बल्कि सड़क सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव अहिलादपुर निवासी आदेश पांडेय समेत कई ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि बिना रॉयल्टी दिए भारी मात्रा में खनन सामग्री प्रदेश में लाई जा रही है। उनका आरोप है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से जारी है और इसमें विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता। शिकायत में कहा गया है कि निर्धारित क्षमता 395 क्विंटल होने के बावजूद ट्रकों में 700 क्विंटल तक माल लादा जा रहा है, जिससे सड़कों की हालत तेजी से खराब हो रही है।
ट्रांसपोर्टरों ने यह भी बताया कि इस तरह की ओवरलोडिंग से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है और ईमानदारी से कारोबार करने वाले लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
यह मामला इसलिए भी संवेदनशील हो गया है क्योंकि इसी साल जनवरी में बहेड़ी क्षेत्र के नैनीताल रोड पर खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए थे कि जांच करने पहुंची टीम पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की गई थी, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया था। उस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 37 वाहनों को सीज कर 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस पूरे प्रकरण पर एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती का कहना है कि ओवरलोडिंग के खिलाफ जिले की सीमाओं पर संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। हाल ही में बहेड़ी क्षेत्र में कई वाहनों को सीज किया गया है। शासन स्तर से भी इस पर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।






