तकनीक, संस्कार और कौशल आधारित शिक्षा से संवरेगा भविष्य: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
तकनीक, संस्कार और कौशल आधारित शिक्षा से संवरेगा भविष्य: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

तकनीक, संस्कार और कौशल आधारित शिक्षा से संवरेगा भविष्य: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
लखनऊ पब्लिक स्कूल का उद्घाटन, एआई और स्किल एजुकेशन पर दिया जोर | मेधावी छात्रों को सम्मानित किया
बरेली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि समग्र और समावेशी शिक्षा ही बच्चों के सपनों को पंख देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की आधारशिला रखती है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, संस्कार और कौशल आधारित शिक्षा को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए स्कूलों में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स लैब और स्किल ट्रेनिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
वह गुरुवार को रामगंगानगर आवासीय योजना सेक्टर-3 स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। राज्यपाल ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्र भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं, इसलिए बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही कौशल आधारित शिक्षा देना आवश्यक है। उन्होंने छठवीं कक्षा से ही छात्रों को हुनर सिखाने की पहल को सराहनीय बताया।
संस्कार और संस्कृति को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि यदि ज्ञान वृक्ष है तो संस्कार उसकी जड़े हैं। भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को शिक्षा का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा, पारिवारिक विघटन और वृद्धाश्रम जैसी सामाजिक समस्याओं का समाधान भी शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। एक सशक्त और संस्कारित समाज ही भारत को पुनः विश्व गुरु बना सकता है।
शिलापट्ट अनावरण कर किया विद्यालय का उद्घाटन
राज्यपाल ने शिलापट्ट का अनावरण कर लखनऊ पब्लिक स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि मलिन बस्तियों के कम से कम पांच बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाए।
मेधावी छात्रों को मिलेगा पुरस्कार
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रतापगढ़ सांसद एसपी सिंह बघेल ने सीआईएससीई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र शिवम अवस्थी को 99.99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। इसके अलावा इकरा आलम, समृद्धि द्विवेदी, जूही चौधरी और शाबिर प्रकाश श्रीवास्तव को 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
दिशा इंटर कॉलेज में मनाया गया गुजरात स्थापना दिवस
गुजरात स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय के तत्वावधान में दिशा इंटर कॉलेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने बहुउद्देशीय हॉल का शिलान्यास किया और छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
किशोर गृह का किया निरीक्षण
राज्यपाल ने तिलक इंटर कॉलेज के निकट स्थित राजकीय सम्प्रेषण गृह (किशोर) का निरीक्षण कर वहां निवासरत बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्म और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हुए उनके स्वास्थ्य और मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा जाए।
मौजूद रहे ये प्रमुख लोग
कार्यक्रम में मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, कुलपति प्रो. केपी सिंह, पूर्व एमएलसी क्रांति सिंह, एमडी सुशील कुमार, महाप्रबंधक शिखर पाल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






