बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात: ‘मां’ कहने वाले युवक ने किया अपहरण के बाद कत्ल, कार में रखा शव।

बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात: ‘मां’ कहने वाले युवक ने किया अपहरण के बाद कत्ल, कार में रखा शव।
जिला अस्पताल परिसर में एक दिन तक शव के साथ खड़ी रही कार, CCTV से खुला सनसनीखेज राज
बरेली | रिपोर्ट देवेंद्र पटेल
बरेली के मढ़ीनाथ क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 65 वर्षीय शारदा यादव की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। आरोपी ने हत्या के बाद उनका शव शहर से करीब 43 किलोमीटर दूर पीलीभीत के जहानाबाद रोड स्थित रेलवे लाइन के पास फेंक दिया। मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस कार में हत्या की गई, वह शव के साथ एक दिन तक जिला अस्पताल परिसर में खड़ी रही, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
फोन कॉल के बाद घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं
परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 11:54 बजे शारदा यादव के मोबाइल पर किसी का फोन आया। इसके चार मिनट बाद, लगभग 11:58 बजे वह बिना कुछ बताए घर से निकल गईं। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
शाम होते-होते फोन का इंटरनेट बंद हो गया और रविवार सुबह करीब 10 बजे मोबाइल पूरी तरह स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने रविवार को सुभाषनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से खुला मामला
सोमवार शाम सिटी स्टेशन के पास लगे CCTV कैमरों की जांच में शारदा यादव को बिहारीपुरी निवासी वरुण पाराशरी की वैगनआर कार में बैठते हुए देखा गया। परिजनों के मुताबिक, वरुण का पिछले एक साल से घर पर आना-जाना था। वह खुद को नगर निगम में टैक्स कर्मचारी बताता था और शारदा को ‘मां’ कहकर उनका विश्वास जीत चुका था।
जिला अस्पताल में खड़ी कार से मिला सुराग
परिजन CCTV के आधार पर कार का पीछा करते हुए जिला अस्पताल पहुंचे, जहां संदिग्ध कार खड़ी मिली। तलाशी लेने पर कार के अंदर खून के धब्बे, टूटी चूड़ियां और खून से सनी स्टेपनी की रॉड बरामद हुई, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई।
सख्ती में टूटा आरोपी, कबूला जुर्म
पुलिस ने आरोपी वरुण पाराशरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में वह गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पीलीभीत के जहानाबाद रोड स्थित रेलवे ट्रैक के पास से शव बरामद कर लिया।
प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शारदा यादव ने अपनी संपत्ति उसके नाम करने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकरने लगी थीं। इसी वजह से उसने उनकी हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
HighLights:
65 वर्षीय महिला का अपहरण कर हत्या
‘मां’ कहने वाले युवक ने ही रचा कत्ल का षड्यंत्र
जिला अस्पताल में एक दिन तक शव के साथ खड़ी रही कार
CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला
प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका






