Bareilly News : जिमों पर महिला आयोग की सख्ती, महिला ट्रेनर बिना नहीं चलेंगे फिटनेस सेंटर।

Bareilly News : जिमों पर महिला आयोग की सख्ती, महिला ट्रेनर बिना नहीं चलेंगे फिटनेस सेंटर।
बरेली में फिटनेस सेंटरों की होगी जांच, जिम मालिक और कोच का नाम बाहर लिखना होगा अनिवार्य।
बरेली। जनपद में हाल ही में सामने आई फिटनेस जिम की घटना के बाद अब प्रशासन और राज्य महिला आयोग सख्त मोड में आ गया है। महिलाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने बड़ा निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन जिमों में महिलाएं प्रशिक्षण ले रही हैं, वहां महिला ट्रेनर की नियुक्ति अनिवार्य होगी। बिना महिला प्रशिक्षक के किसी भी फिटनेस सेंटर का संचालन नहीं किया जा सकेगा।
पुष्पा पांडे ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर फिटनेस सेंटरों, ब्यूटी पार्लरों और महिला संबंधित संस्थानों की व्यापक जांच कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े संस्थानों में सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
जिम के बाहर लिखना होगा मालिक और ट्रेनर का नाम
महिला आयोग की सदस्य ने निर्देश दिए कि सभी जिम संचालकों को अपने प्रतिष्ठान के बाहर मालिक और ट्रेनर का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा। इसके अलावा जिम में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित दवाइयों या अवैध सप्लीमेंट की बिक्री नहीं की जा सकेगी।
यदि कोई फिटनेस सेंटर मेडिकल सप्लीमेंट बेचता है, तो उसके लिए स्वास्थ्य विभाग की वैध अनुमति आवश्यक होगी। बिना अनुमति सप्लीमेंट बिक्री मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
ब्यूटी पार्लर और टेलरिंग सेंटर भी जांच के दायरे में
महिला सुरक्षा को लेकर आयोग ने केवल जिम तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी। निर्देश दिए गए हैं कि ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग सेंटर और अन्य महिला संबंधित संस्थानों में महिला स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
स्पष्ट तौर पर कहा गया कि बिना महिला स्टाफ के ऐसे प्रतिष्ठानों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एक सप्ताह में तैयार होगी पूरी सूची
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर जिले के सभी जिम, ब्यूटी पार्लर और संबंधित संस्थानों की सूची थाना स्तर पर तैयार की जाए। इनके संचालन, रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच होगी। यह पूरी रिपोर्ट राज्य महिला आयोग को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शारदा यादव हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलीं पुष्पा पांडे
राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने मढ़ीनाथ क्षेत्र में चर्चित शारदा यादव हत्याकांड के पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक सख्ती तेज
हालिया घटनाओं के बाद बरेली में महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। फिटनेस सेंटरों और महिला संबंधित संस्थानों की निगरानी बढ़ने से अब नियमों के उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली






