इज्जतनगर में तेज रफ्तार कार पलटी, दो महिलाएं घायल; हादसे के बाद मौके से चली गईं

इज्जतनगर में तेज रफ्तार कार पलटी, दो महिलाएं घायल; हादसे के बाद मौके से चली गईं
सौ फुटा रोड पर हुआ हादसा, पुलिस ने कार कब्जे में लेकर शुरू की जांच
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के सौ फुटा रोड पर शनिवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद दोनों महिलाएं मौके से चली गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पलटी कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति में थी। बताया जा रहा है कि मोड़ पर अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूत्रों के मुताबिक कार में सवार महिलाएं संभ्रांत परिवारों से बताई जा रही हैं। चर्चा यह भी है कि हादसे के समय महिलाएं नशे की हालत में थीं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हादसे के कारण कुछ देर के लिए सौ फुटा रोड पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर थाने भिजवा दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस अब कार के मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार में सवार महिलाएं कहां से आ रही थीं और हादसे से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं।
इज्जतनगर पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। जांच रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई।






