बरेली स्टांप विभाग में बड़ा एक्शन: IG स्टांप ने 2 उप निबंधकों समेत 3 कर्मचारियों को किया निलंबित

बरेली स्टांप विभाग में बड़ा एक्शन: IG स्टांप ने 2 उप निबंधकों समेत 3 कर्मचारियों को किया निलंबित
सदर प्रथम कार्यालय में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर गिरी गाज, विभाग में मचा हड़कंप
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल
बरेली। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए IG स्टांप IAS नेहा शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। सदर प्रथम कार्यालय में तैनात दो उप निबंधकों समेत तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी खौफ का माहौल देखा जा रहा है।
निलंबित किए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उप निबंधक रवि प्रकाश शर्मा, उप निबंधक शिवम मिश्रा और कनिष्ठ सहायक तोषक राजन राजपूत शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक इन पर स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन कार्यों में गंभीर अनियमितता, लापरवाही और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगे थे। लंबे समय से विभाग को इनके खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद मामले की गोपनीय जांच कराई गई।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर IG स्टांप नेहा शर्मा ने बिना देरी किए तीनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर दी। बताया जा रहा है कि सदर प्रथम कार्यालय में लंबे समय से दलालों का सक्रिय नेटवर्क काम कर रहा था। आम लोगों को रजिस्ट्रेशन कार्यों में अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा था और फाइलों के निस्तारण में देरी कर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही थीं।
सूत्रों का कहना है कि विभागीय जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य भी सामने आए हैं, जिनमें नियमों को दरकिनार कर कार्य किए जाने और दस्तावेजों के निस्तारण में गंभीर गड़बड़ियों की आशंका जताई गई है। कार्रवाई के बाद विभाग के कई अन्य मामलों की भी जांच शुरू कर दी गई है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
IG स्टांप IAS नेहा शर्मा इससे पहले भी विभिन्न जिलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए चर्चित रही हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को आम जनता के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रही तो स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन कार्यालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और आम नागरिकों को दलालों एवं अवैध वसूली से राहत मिल सकेगी।






