No Slide Found In Slider.
Breaking News

2 दिन बाद सकुशल मिला मीरगंज विधायक का लापता भतीजा, थीसिस के तनाव में पहुंच गया था हरिद्वार

10 मई तक थीसिस जमा करनी थी, शिक्षक के सहयोग न मिलने से था परेशान, सेटेलाइट पर ढाबा संचालक के फोन से पिता को किया कॉल, परिवार ने ली राहत की सांस

No Slide Found In Slider.

रिपोर्ट देवेंद्र पटेल
बरेली। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा के लापता भतीजे अंकित वर्मा आखिरकार दो दिन बाद सकुशल मिल गए। अंकित के अचानक गायब होने से परिवार और पुलिस दोनों परेशान थे, लेकिन शनिवार सुबह उनके फोन आने के बाद पूरा मामला साफ हो गया। पूछताछ में सामने आया कि एम फार्मा छात्र अंकित अपनी थीसिस पूरी न होने के तनाव में बिना किसी को बताए हरिद्वार चले गए थे।
मूल रूप से पीलीभीत जिले के करेली थाना क्षेत्र के रहने वाले रामप्रकाश वर्तमान में परिवार सहित शाहजहांपुर के निगोही में रहते हैं। उनका बेटा अंकित वर्मा भोजीपुरा स्थित एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में रहकर एम फार्मा की पढ़ाई कर रहा है।
बताया गया कि सात मई की शाम अंकित मंदिर जाने की बात कहकर हॉस्टल से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने लगातार फोन मिलाया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही भोजीपुरा पुलिस सक्रिय हुई और कॉलेज परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच में अंकित नैनीताल रोड की ओर जाते दिखाई दिए, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इधर परिवार लगातार चिंता में डूबा रहा। शनिवार सुबह करीब 10 बजे अंकित ने सेटेलाइट क्षेत्र से एक ढाबा संचालक के मोबाइल फोन से अपने पिता रामप्रकाश को कॉल किया। उन्होंने बताया कि वह सुरक्षित हैं और उन्हें वहां से ले जाया जाए। सूचना मिलते ही परिवार के लोग तुरंत सेटेलाइट पहुंचे और अंकित को अपने साथ घर ले आए।
परिजनों से बातचीत में अंकित ने बताया कि उनकी थीसिस 10 मई तक जमा होनी थी, लेकिन जिस शिक्षिका के निर्देशन में वह काम कर रहे थे, वह कॉलेज छोड़कर चली गईं। इसके बाद दूसरी शिक्षिका से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। इसी तनाव और मानसिक दबाव के चलते वह शांति की तलाश में बिना बताए हरिद्वार चले गए थे।
अंकित के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने भी भोजीपुरा इंस्पेक्टर राजीव चौधरी को फोन कर अंकित के सुरक्षित मिलने की जानकारी दी। विधायक ने बताया कि अंकित ने परिवार से संपर्क कर खुद के सुरक्षित होने की सूचना दी थी, जिसके बाद सभी लोग उन्हें लेने पहुंच गए।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button