Bareilly: दो भाइयों की पूरी जमीन अधिग्रहीत, तीसरे की सिर्फ 15 बीसा… फिर भी बीडीए ने बना दिए बराबर मुआवजे के चेक
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा सेक्टर-8 परियोजना के लिए हरहरपुर गांव में की गई भूमि खरीद अब विवादों में घिरती नजर आ रही है।
बरेली। मुआवजा वितरण में कथित गड़बड़ी को लेकर किसानों ने बीडीए प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि दो भाइयों की पूरी जमीन अधिग्रहीत कर ली गई, जबकि तीसरे भाई की केवल 15 बीसा भूमि ही परियोजना में गई, इसके बावजूद तीनों को बराबर राशि के मुआवजा चेक जारी कर दिए गए।
मंगलवार को पीड़ित किसान रामवीर और वीरपाल बीडीए कार्यालय पहुंचे और सचिव वंदिता श्रीवास्तव से मिलकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। किसानों का कहना है कि उनकी संपूर्ण हिस्सेदारी प्राधिकरण द्वारा ले ली गई है, जबकि तीसरे भाई जंडैल सिंह की आंशिक भूमि ही अधिग्रहित हुई। इसके बावजूद भुगतान प्रक्रिया में तीनों को समान रूप से दर्शाकर बराबर रकम के चेक जारी कर दिए गए, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
किसानों ने आरोप लगाया कि राजस्व अभिलेखों और हिस्सेदारी के दस्तावेजों में स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद भुगतान निर्धारण में वास्तविक भूमि हस्तांतरण का ध्यान नहीं रखा गया। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। पीड़ितों का कहना है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक शिकायत करेंगे।
वहीं, बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने किसानों की शिकायत सुनने के बाद मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब इस प्रकरण ने भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।






