कल्याण सिंह की जयंती पर उझानी में उमड़ेगा जनसैलाब, बाबूजी की स्मृति में विशाल आयोजन

बदायूं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय कल्याण सिंह की जयंती के अवसर पर जनपद बदायूं के उझानी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 5 जनवरी को एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी के मैदान में होगा, जिसमें प्रदेश भर से हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
रविवार को कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बाबूजी की स्मृति में भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि कल्याण सिंह के विचारों, संघर्षों और राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण करने का अवसर होगा।
जननायक थे कल्याण सिंह
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि कल्याण सिंह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जननायक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए समर्पित कर दिया। राम मंदिर के जिस स्वप्न को उन्होंने देखा था, उसे साकार होते हुए देखने का सौभाग्य भी उन्हें मिला, जो उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।
इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज नाम
बीएल वर्मा ने कहा कि 464 वर्ष पुराना वह ढांचा, जो हिंदुस्तान की छाती पर एक कलंक के रूप में खड़ा था, उसे हटाने का ऐतिहासिक निर्णय कल्याण सिंह ने लिया। उन्होंने कहा कि जब-जब अयोध्या और राम मंदिर का नाम लिया जाएगा, तब-तब कल्याण सिंह का नाम श्रद्धा और सम्मान के साथ लिया जाएगा।
आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और किसी भी दबाव के आगे झुके बिना अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। यही कारण है कि उनकी जयंती पर होने वाला यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।






