बरेली में दर्दनाक सड़क हादसा: परीक्षा ड्यूटी की तैयारी में जा रहे दो शिक्षकों की ट्रक से कुचलकर मौत

बरेली में दर्दनाक सड़क हादसा: परीक्षा ड्यूटी की तैयारी में जा रहे दो शिक्षकों की ट्रक से कुचलकर मौत
बरेली। जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शिक्षक रविवार को प्रस्तावित प्रतियोगी परीक्षा की ड्यूटी की तैयारी के लिए परीक्षा केंद्र जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी प्रमोद यादव और मुंशी नगर निवासी पंकज यादव उच्च प्राथमिक विद्यालय लोंगपुर में तैनात थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दोनों एक ही मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि फरीदपुर टोल प्लाजा के पास दशमेश ढाबा के सामने अचानक सामने चल रहे तांगे को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों शिक्षकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नरेश गंगवार ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे फरीदपुर टोल प्लाजा के निकट हुई। उन्होंने दोनों शिक्षकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV






