पति की मौत के बाद विधवा की जमीन पर कब्जे की कोशिश, पांच बच्चों संग न्याय के लिए भटक रही महिला

पति की मौत के बाद विधवा की जमीन पर कब्जे की कोशिश, पांच बच्चों संग न्याय के लिए भटक रही महिला
Bareilly के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने गांव के कुछ लोगों पर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत देकर प्रशासन से कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ग्राम खजुरिया ब्रहमनान निवासी नीलम देवी पत्नी स्वर्गीय राजेश कुमार उर्फ राजेश्वर ने तहसील सदर में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति की करीब तीन माह पहले हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। पति के निधन के बाद अब पांच छोटे बच्चों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनका पालन-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही ओमकार पुत्र बाबू, धर्मवीर पुत्र ओमकार, किशन लाल पुत्र मुरली लाल और सोनू पुत्र ओमकार उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। महिला के अनुसार खेत संख्या-52 में उनके पति के हिस्से की करीब 300 गज जमीन और मकान के पास खाली पड़ी जगह पर आरोपियों ने जबरन निर्माण की नीयत से ईंटें डाल दीं।
नीलम देवी का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी आरोपी एकजुट होकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विपक्षी खुलेआम कह रहे हैं कि वे हर हाल में वहां मकान बनाएंगे और जो करना है कर लो।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के जीवित रहते कभी किसी ने जमीन पर दावा नहीं किया, लेकिन उनकी मौत के बाद अब दबंग लोग कब्जे की नीयत से सक्रिय हो गए हैं। पीड़िता ने मामले की शिकायत बिथरी चैनपुर थाने में भी की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में नीलम देवी ने प्रशासन से मांग की है कि विपक्षियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उनकी जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए तथा उन्हें और उनके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए।






