नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 45 हजार की ठगी, तहसील दिवस में लगाई न्याय की गुहार

नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 45 हजार की ठगी, तहसील दिवस में लगाई न्याय की गुहार
Bareilly में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने युवक पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 45 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तहसील दिवस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
ग्राम चावड़ निवासी श्रीमती सरोज देवी पत्नी गिरन सिंह ने तहसील सदर में दिए शिकायती पत्र में बताया कि सितंबर 2019 में सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ौआ निवासी रोहित सागर उनके घर आया था। आरोपी ने दावा किया कि उसकी कई सरकारी विभागों में अच्छी पकड़ है और वह उनके बेटे अजय की सरकारी नौकरी लगवा देगा। इसके बदले उसने दो लाख रुपये खर्च होने की बात कही और शुरुआत में 50 हजार रुपये मांगे।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें अपने झांसे में लेकर सत्यप्रिय गौतम और अजय के सामने 45 हजार रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी और आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
पीड़िता के मुताबिक जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जनवरी 2026 में दोबारा तकादा करने पर भी आरोपी ने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
महिला ने बताया कि मामले की शिकायत 23 फरवरी 2026 को संबंधित थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 28 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डीआईजी बरेली रेंज और एडीजी बरेली जोन को भी रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी गई। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
तहसील दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में सरोज देवी ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा हड़पी गई 45 हजार रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग की है।






