अब गांवों में भी दिखेगी शहर जैसी चमक, 57 पंचायतें होंगी स्मार्ट
बरेली के 57 गांव बनेंगे हाईटेक, अब ग्राम पंचायतों में भी मिलेगा शहर जैसा विकास

बरेली के गांव अब तेजी से बदलती तस्वीर के साथ नए दौर में प्रवेश करने जा रहे हैं। शहरों की तर्ज पर अब ग्रामीण क्षेत्रों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले की 57 ग्राम पंचायतों को हाईटेक बनाने का खाका तैयार किया गया है। योजना लागू होने के बाद ग्रामीणों को अपने ही गांव में शहर जैसी सुविधाओं का अहसास होगा।
हर ग्राम पंचायत को मिलेगा 20 लाख का विशेष बजट
ग्राम पंचायतों के विकास के लिए सरकार ने प्रति पंचायत 20 लाख रुपये का विशेष बजट मंजूर किया है। अधिकारियों के मुताबिक अब चयनित गांवों में तेजी से विकास कार्य शुरू कराने की तैयारी चल रही है।
योजना के तहत गांवों में आधुनिक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदलने के साथ लोगों का जीवन स्तर भी बेहतर होगा।
गांवों का बदलेगा लाइफ स्टाइल
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांश शेखर ने बताया कि सभी ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना मांगी गई है। स्थानीय जरूरतों के अनुसार तैयार प्रस्तावों की समीक्षा के बाद जिलाधिकारी स्तर से सीधे ग्राम पंचायतों को बजट जारी किया जाएगा।
योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि शहर और गांव के बीच सुविधाओं का अंतर कम किया जा सके।
कूड़ा और गंदे पानी के निस्तारण पर विशेष फोकस
सरकार ने विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती कूड़ा निस्तारण की समस्या को देखते हुए चयनित ग्राम पंचायतों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाए जाएंगे।
इसके अलावा लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम भी विकसित किया जाएगा, जिससे गंदे और केमिकल युक्त पानी को ट्रीट कर दोबारा उपयोग योग्य बनाया जा सके। इससे गांवों में स्वच्छता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगा नया स्वरूप
योजना में शिक्षा और बच्चों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। गांवों के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आधुनिक शौचालय, सोलर लाइट, नए भवन, साफ पेयजल के लिए बोरवेल और छोटी आरसीसी पुलियों का निर्माण कराया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि बजट जारी होते ही निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराए जाएंगे।
इन ब्लॉकों की ग्राम पंचायतें शामिल
योजना में सबसे ज्यादा नवाबगंज ब्लॉक की 10 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इसके अलावा—
आलमपुर जाफराबाद – 7
फरीदपुर – 7
बहेड़ी – 5
रामनगर – 5
भोजीपुरा – 4
बिथरी चैनपुर – 4
दमखोदा – 4
भदपुरा – 4
भुता – 3
मझगवां – 3
मीरगंज – 1 ग्राम पंचायत
गांवों में दिखेगी नई विकास क्रांति
प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि यह योजना ग्रामीण विकास की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस गांव न केवल स्वच्छ और व्यवस्थित बनेंगे बल्कि रोजगार, शिक्षा और जीवन स्तर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल, बरेली | LIVE BHARAT TV






