Bareilly News: लाल फाटक ओवरब्रिज पर गैस टैंकर लीक, मची भगदड़; वाहन छोड़कर भागे लोग।

Bareilly News: लाल फाटक ओवरब्रिज पर गैस टैंकर लीक, मची भगदड़; वाहन छोड़कर भागे लोग।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल, बरेली | LIVE BHARAT TV
बरेली। शहर के व्यस्त लाल फाटक ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते सीएनजी गैस टैंकर से अचानक तेज रिसाव शुरू हो गया। टैंकर से निकल रही तेज आवाज और गैस के रिसाव को देखकर लोगों में दहशत फैल गई। हालात ऐसे हो गए कि वाहन चालक अपनी बाइक और कारें सड़क पर छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते पूरा ओवरब्रिज खाली हो गया।
बताया जा रहा है कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम का सीएनजी टैंकर शाहजहांपुर की ओर से बदायूं जा रहा था। जैसे ही टैंकर लाल फाटक ओवरब्रिज पर पहुंचा, उसके सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही सेकंड में गैस के प्रेशर के साथ तेज धमाके जैसी आवाज आने लगी, जिससे आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई। कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर से गैस निकलती देख पुल पर चल रहे लोगों और वाहन चालकों में भगदड़ मच गई। लोगों को किसी बड़े विस्फोट की आशंका सताने लगी। कई लोग अपने वाहन वहीं छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। वहीं आसपास के घरों और दुकानों में मौजूद लोग भी आवाज सुनकर घबराकर बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर ओवरब्रिज पर यातायात रोक दिया गया और इलाके को खाली कराया गया। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
हालांकि गैस का काफी मात्रा में रिसाव होने से आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर टैंकर से गैस रिसाव कैसे हुआ। चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
Highlights:
लाल फाटक ओवरब्रिज पर सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव
तेज आवाज सुन दहशत में आए लोग
वाहन छोड़कर भागे राहगीर और चालक
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
बड़ा हादसा टला, जांच में जुटी टीमें






