No Slide Found In Slider.
Breaking News

वसूली, थर्ड डिग्री और सोशल मीडिया उल्लंघन पर एसएसपी का बड़ा एक्शन: बरेली में 2 दरोगा सस्पेंड, 1 लाइन हाजिर बरेली।

 पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन उपनिरीक्षकों पर सख्त कदम उठाए हैं। अवैध वसूली, थर्ड डिग्री, महिला शिकायत में लापरवाही और सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन जैसे गंभीर आरोपों में दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया गया, जबकि एक उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

No Slide Found In Slider.

प्रेमनगर थाने के दरोगा पर थर्ड डिग्री और वसूली का आरोप
पहला मामला थाना प्रेमनगर से जुड़ा है, जहां तैनात उपनिरीक्षक शुभम चौधरी पर गंभीर आरोप लगे हैं। भमोरा निवासी राहुल शंखधार ने आरोप लगाया कि उन्हें अवैध रूप से हिरासत में रखकर थाने में थर्ड डिग्री दी गई। पीड़ित के मुताबिक, उनके साथ मारपीट की गई और 50 हजार रुपये की अवैध वसूली भी की गई। इतना ही नहीं, पैसे लेने के बाद सादे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया गया है।
मामला एसएसपी तक पहुंचने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक शुभम चौधरी को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
महिला शिकायत में लापरवाही पर दूसरा दरोगा सस्पेंड
दूसरा मामला थाना हाफिजगंज क्षेत्र का है। यहां तैनात उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह पर महिला की शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को दी तहरीर में छेड़खानी, पीछा करने और मोबाइल फोन तोड़ने की शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि मामले में एफआईआर दर्ज करने के बजाय पुलिस ने लापरवाही बरती।
पीड़िता लगातार कार्रवाई की मांग करती रही, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उसे एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने महिला सुरक्षा से जुड़े इस मामले को गंभीर मानते हुए उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह को भी निलंबित कर दिया।
सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन पर लाइन हाजिर
तीसरी कार्रवाई थाना फरीदपुर में तैनात उपनिरीक्षक शुभम सोम पर हुई। विभागीय जांच में सामने आया कि वह सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करते हुए इंस्टाग्राम पर सक्रिय थे। पुलिस विभाग की सोशल मीडिया गाइडलाइन के विपरीत गतिविधियां पाए जाने पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
तीनों मामलों में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता के साथ गलत व्यवहार, भ्रष्टाचार, महिला मामलों में लापरवाही और विभागीय अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि खराब करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तीनों मामलों की जांच शुरू
एसएसपी ने बताया कि तीनों मामलों में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। बरेली पुलिस की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन कायम करने की बड़ी पहल माना जा रहा है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button