No Slide Found In Slider.
बरेली

संजय नगर में अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर बवाल, महिलाओं ने चारपाई डालकर किया विरोध प्रदर्शन

No Slide Found In Slider.

संजय नगर में अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर बवाल, महिलाओं ने चारपाई डालकर किया विरोध प्रदर्शन
बरेली/संजय नगर। संजय नगर क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर चल रहा विरोध अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। स्थानीय महिलाओं, कॉलोनीवासियों और जनप्रतिनिधियों के बढ़ते दबाव के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। पूर्व में दर्जनों पार्षदों और सैकड़ों महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शराब की दुकान को तत्काल हटाने की मांग उठाई थी।
बताया जा रहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने जिलाधिकारी से वार्ता की, जिसके बाद प्रशासन ने दुकान को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। सोमवार को दुकान का आधा सामान दूसरी जगह शिफ्ट भी कर दिया गया था। इसके बाद क्षेत्रीय पार्षदों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दुकान की वजह से क्षेत्र में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की दुकान स्कूल, मंदिर और रिहायशी कॉलोनी के बेहद करीब संचालित हो रही है। इससे स्कूल जाने वाली बच्चियों, महिलाओं और बुजुर्गों को शराबियों की वजह से रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र में आए दिन विवाद और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका भी बनी रहती थी।
हालांकि, विरोध के बावजूद अगले ही दिन मामला फिर गरमा गया। आरोप है कि दुकान संचालक ने कथित तौर पर दो जगहों पर शराब बिक्री करने का प्रयास शुरू कर दिया। इससे कॉलोनीवासी भड़क उठे और उन्होंने दुकानदार पर सांसद एवं जिलाधिकारी के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
महिलाओं का कहना है कि जब सांसद छत्रपाल गंगवार की मौजूदगी में यह सहमति बन चुकी थी कि दुकान को उसके मूल प्रस्तावित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा, तब दोबारा पुराने स्थान पर बिक्री शुरू करने का प्रयास क्यों किया जा रहा है।
इसी विरोध के चलते मंगलवार को 41 डिग्री तापमान के बीच बड़ी संख्या में महिलाएं शराब की दुकान के बाहर चारपाई डालकर धरने पर बैठ गईं। दिनभर भीषण गर्मी में बैठीं महिलाओं ने प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि शराब की दुकान को ऐसी जगह संचालित किया जाए, जहां बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के जीवन पर उसका नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
अभिभावकों ने भी कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि स्कूल के बाहर शराब बिक्री बच्चों की मानसिकता और भविष्य पर गलत असर डाल सकती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button