सीबीगंज-मथुरापुर की बदहाल सड़कों पर नगर निगम का एक्शन, जल्द बनेगी कार्ययोजना
नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, तीन दिन में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

बरेली। शहर की सीमा से सटे सीबीगंज, मथुरापुर, बंडिया समेत कई इलाकों में वर्षों से बदहाल पड़ी कच्ची सड़कों और सफाई व्यवस्था को लेकर अब नगर निगम सक्रिय हो गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार को नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्र की कच्ची एवं जर्जर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि नगर निगम से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। वहीं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही।
नगर आयुक्त ने बताया कि सीबीगंज, मथुरापुर और आसपास के कई मोहल्लों में लंबे समय से सड़कें कच्ची पड़ी हैं, जिससे लोगों को बरसात और आवागमन के दौरान भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे सभी मार्गों को चिन्हित कर उनकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई गई। नगर आयुक्त ने सफाई अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तीन दिन का विशेष सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र में जमा गंदगी, नालियों और कूड़े की समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त के निरीक्षण और आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क और सफाई समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।






