विश्व पर्यावरण दिवस पर बरेली में हरित संकल्प, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया पीपल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

बरेली, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद बरेली में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 05 जून से 21 जून 2026 तक चलाए जा रहे विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण कार्यक्रमों के अंतर्गत यह अभियान विशेष रूप से संचालित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने केन्द्रीय विद्यालय रेलवे ग्राउंड, इज्जतनगर में पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने आमजन से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। एक हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि वृक्ष केवल शुद्ध वायु ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का एहसास कराता है और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है।
प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 में पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में जनपद बरेली में वन विभाग द्वारा 2 लाख तथा अन्य 26 विभागों द्वारा 33 लाख 99 हजार 450 पौधों का रोपण जुलाई 2026 में किया जाएगा। वहीं विश्व पर्यावरण दिवस पर आज वन विभाग द्वारा 7 हजार तथा अन्य विभागों द्वारा 7 लाख 73 हजार पौधे लगाए गए। इस प्रकार जनपद में कुल 7 लाख 80 हजार पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी अनिल सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने गुलमोहर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ने कनक चंपा का पौधा लगाया।
कार्यक्रम के दौरान कवि रीतेश कुमार साहनी ने “एक पेड़ सौ पुत्र समान” कविता का पाठ कर लोगों को भावुक और प्रेरित किया। इसके बाद सूरजमुखी सरस्वती विद्या मंदिर, केन्द्रीय विद्यालय बरेली, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, गैर सरकारी संगठनों एवं आईटीबीपी के जवानों द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बच्चों ने रंग-बिरंगे पोस्टर और वेशभूषा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का संदेश दिया।
इसके साथ ही जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निगम, नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में भी पौधारोपण अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा सभी अतिथियों को पौधे भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी आंवला विमल किशोर भारद्वाज, उप प्रभागीय वनाधिकारी बरेली संजीव जौहरी, क्षेत्रीय वनाधिकारी वैभव चौधरी, डॉ. लाल बहादुर गंगवार, डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, डॉ. प्रवीण कुमार, ईको क्लब के सदस्य तथा आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।






