संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने जनगणना कर्मियों को किया सम्मानित

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने जनगणना कर्मियों को किया सम्मानित
100 प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व प्रोत्साहन राशि प्रदान
बरेली। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी अविनाश सिंह ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने वाले कर्मचारियों की सराहना की गई।
डीएम ने नगर पंचायत ठिरिया निज़ावत खां क्षेत्र में घर-घर जाकर जानकारी संकलित करने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही शासन स्तर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है, इसलिए कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और सटीकता अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान अपने निर्धारित सर्कल का कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने वाले एक सुपरवाइज़र को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो इंस्ट्रक्टर और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और गुणवत्ता के साथ करेंगे, उन्हें शासन स्तर पर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आने वाले समय में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सही आंकड़ों का उपयोग किया जा सके।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह, एसपी सिटी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश यादव, जिला पंचायत अधिकारी कमल किशोर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प भी लिया।






