No Slide Found In Slider.
बरेली

मेंथा कारोबारी ने पिता-पुत्र पर दर्ज कराई प्राथमिकी, कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा

No Slide Found In Slider.

मेंथा कारोबारी ने पिता-पुत्र पर दर्ज कराई प्राथमिकी, कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा

बरेली। शहर में मेंथा कारोबार से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक कारोबारी ने दूसरे कारोबारी और उसके बेटे पर लाखों रुपये का मेंथा ऑयल चोरी करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर प्रेमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भोजीपुरा थाना क्षेत्र के बुझिया शुमाली गांव निवासी जय कुमार गंगवार ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह इंदिरानगर क्षेत्र में “टिल्लू एरोमेटिक्स” नाम से मेंथा एवं सुगंधित तेलों का कारोबार करते हैं। उनका गोदाम श्यामगंज स्थित मधुवन टॉकीज के पास है।

जय कुमार गंगवार का आरोप है कि एक नवंबर 2025 को उनके गोदाम से कारोबारी शिवकुमार और उसके बेटे अंकित ने बड़ी मात्रा में मेंथा ऑयल निकाल लिया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित का आरोप है कि इसी बीच एसआईबी टीम ने शिवकुमार के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की, जहां से कथित रूप से चोरी किया गया 10,480 किलोग्राम मेंथा ऑयल और 1,980 किलोग्राम सिंथेटिक पिपरेटा ऑयल बरामद हुआ। इसके बावजूद आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

जय कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि शिवकुमार ने उल्टा उनके खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवा दिया। साथ ही उनके गोदाम में रखा शेष माल भी चोरी कर लिया गया।

जेल से रिहा होने के बाद पीड़ित ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने अदालत की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित दस्तावेजों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button