आयुष्मान कार्ड बनाने में सुस्ती पर सख्त कार्रवाई, 154 ग्राम सचिवों का वेतन रोकने के आदेश

डीएम की चेतावनी के बाद भी नहीं बढ़ी रफ्तार, डीपीआरओ ने एडीओ पंचायतों को दिए कड़े निर्देश
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली
बरेली। प्रधानमंत्री-जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद अपेक्षित गति नहीं मिलने पर अब जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने जिले के सभी 154 ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही संबंधित पंचायत सहायकों का मानदेय भी अगली प्रगति तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
डीपीआरओ कमल किशोर ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा में सामने आया कि पिछले 10 दिनों में केवल 329 परिवारों के 3,602 सदस्यों के ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जो लक्ष्य की तुलना में बेहद कम है।
बैठक में बताया गया कि जिले के 15 विकास खंडों में कुल 3,09,826 परिवारों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2,91,258 परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं 13,59,919 पात्र सदस्यों में से केवल 9,01,449 सदस्यों के ही कार्ड बन पाए हैं। अधिकारियों ने इस प्रगति को संतोषजनक नहीं माना।
उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पंचायत सहायकों द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सुधार न होने पर पहले सहायक विकास अधिकारियों (एडीओ पंचायत) के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए थे और अब ग्राम पंचायत सचिवों पर भी कार्रवाई की गई है।
डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि जब तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होती, तब तक संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन तथा पंचायत सहायकों का मानदेय जारी न किया जाए।
समीक्षा बैठक में अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को ग्राम पंचायतों की पूलिंग की अवशेष धनराशि शत-प्रतिशत पूलिंग खाते में जमा कराने, संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पौधारोपण अभियान की समीक्षा में सभी सहायक विकास अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ग्राम पंचायतों में गड्ढों की खुदाई तथा नर्सरी से पौधों का उठान का कार्य पूरा कर लिया गया है।
बैठक में पंचायत निरीक्षक शैलेंद्र सिंह एवं जिला परियोजना प्रबंधक विद्याशंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






