नगर निगम की नई पहल: अब जोनल कार्यालयों में बैठेंगे निर्माण और जलकल विभाग के अभियंता

नगर निगम की नई पहल: अब जोनल कार्यालयों में बैठेंगे निर्माण और जलकल विभाग के अभियंता
आमजन को मुख्यालय के चक्कर से मिलेगी राहत, जोन स्तर पर ही निस्तारित होंगी शिकायतें
बरेली। नगर निगम प्रशासन शहरवासियों को बेहतर और त्वरित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जोनल व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब शहर के अलग-अलग जोनल कार्यालयों में टैक्स विभाग के साथ निर्माण विभाग और जलकल विभाग के अभियंताओं की भी तैनाती की जाएगी, ताकि आमजन को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
नगर निगम प्रशासन की इस नई पहल के तहत जोनल अधिकारी, कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, जोनल सफाई निरीक्षक के साथ-साथ सहायक एवं अवर अभियंताओं की भी ड्यूटी जोन स्तर पर लगाने की योजना तैयार की जा रही है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित क्षेत्र निरीक्षकों की भी जोन कार्यालयों में तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
बताया जा रहा है कि नगर निगम में वर्तमान में संचालित जोनल कार्यालयों की कार्यप्रणाली में व्यापक परिवर्तन किया जाएगा। जोनल अधिकारियों को अधिक प्रशासनिक अधिकार दिए जाने की संभावना है। नई व्यवस्था में जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अफसर और नगर अभियंता को एक टीम की तरह काम करना होगा, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं देना है और किसी भी स्तर पर विभागीय तालमेल की कमी आमजन को परेशान नहीं करनी चाहिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि अभी तक जोन स्तर पर अधिकारियों के बीच समन्वय के अभाव के कारण कई कार्य प्रभावित हो रहे थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद जलकल, निर्माण, सफाई और टैक्स विभाग से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण एक ही स्थान पर संभव हो सकेगा। इससे आमजन का समय बचेगा और नगर निगम कर्मचारियों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
नगर निगम प्रशासन की इस पहल को शहर की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






