भोजीपुरा ने जीता सद्भावना क्रिकेट मैच, खेल भावना और भाईचारे का दिया संदेश

भोजीपुरा ने जीता सद्भावना क्रिकेट मैच, खेल भावना और भाईचारे का दिया संदेश
भैरपुरा खजुरिया मिनी स्टेडियम में भोजीपुरा और बहेड़ी ब्लॉक के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला
बरेली। खेल भावना, आपसी सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को विकास खण्ड भोजीपुरा एवं बहेड़ी के मध्य “सद्भावना क्रिकेट मैच 2026” का आयोजन किया गया। यह मैत्रीपूर्ण मुकाबला भैरपुरा खजुरिया मिनी स्टेडियम, विकास खण्ड भोजीपुरा में उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। मैच का आयोजन विकास खण्ड भोजीपुरा एवं बहेड़ी के खण्ड विकास अधिकारी श्री शिरीष वर्मा तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री संजय दीक्षित के मार्गदर्शन में कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव ग्राम पंचायत श्री अतुल सक्सेना एवं श्री कमल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में दोनों विकास खण्डों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच में बहेड़ी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 118 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोजीपुरा टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 11.4 ओवर में 119 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के बाद भोजीपुरा टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
विजेता भोजीपुरा टीम में कप्तान अतुल सक्सेना, वाइस कैप्टन कमल कुमार, जितेंद्र गंगवार, प्रभात चंद्र गुप्ता, रविंद्र सिंह राणा, इनाम अख्तर, अजय वंश, रोहितास कुमार, पुष्पेंद्र शाक्य, संजय मौर्य और इशाक अहमद ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं राजीव आनंद एवं महेश पटेल ने सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मैच के समापन के बाद खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के सद्भावना मैचों के नियमित आयोजन पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक तंदुरुस्ती बनाए रखने के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में विकास खण्ड भोजीपुरा की ओर से सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की गई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।






