No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली का बढ़ा मान: दिनेश गोयल लगातार दूसरी बार बने IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष

No Slide Found In Slider.

बरेली का बढ़ा मान: दिनेश गोयल लगातार दूसरी बार बने IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष
देशभर के उद्यमियों ने जताया भरोसा, यूपी को औद्योगिक हब बनाने का लिया संकल्प

बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की राष्ट्रीय राजनीति में एक बार फिर बरेली का दबदबा कायम हुआ है। शहर के वरिष्ठ उद्योगपति एवं रामा श्यामा पेपर मिल के मालिक दिनेश गोयल को वर्ष 2026-27 के लिए लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से आईआईए का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। उनके पुनर्निर्वाचन से बरेली समेत पूरे प्रदेश के उद्योग जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। उद्यमियों ने इसे बरेली और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

शनिवार को लखनऊ में आयोजित आईआईए की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी द्वारा परिणाम घोषित करते हुए दिनेश गोयल को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की गई। संगठन में उनके नाम पर बनी व्यापक सहमति को उनके प्रभावी नेतृत्व, मजबूत संगठन क्षमता और उद्यमियों के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिनेश गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए आईआईए पहले से अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना, निवेश को बढ़ावा, रोजगार सृजन और औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार कार्य करेगा। उनका कहना था कि प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण तैयार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सबसे बड़ी चुनौती एमएसएमई सेक्टर को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इसके लिए तकनीकी उन्नयन, आसान वित्तीय सहायता और स्किल डेवलपमेंट पर विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। साथ ही युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उद्योगों को दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उद्योग जगत का मानना है कि दिनेश गोयल के पहले कार्यकाल में आईआईए ने उद्यमियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया। एमएसएमई सेक्टर, निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और उद्योगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर संगठन की प्रभावी पैरवी का लाभ प्रदेशभर के उद्यमियों को मिला। यही वजह रही कि उन्हें लगातार दूसरी बार संगठन की कमान सौंपी गई।

दिनेश गोयल के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बरेली सहित प्रदेशभर के उद्योगपतियों और उद्यमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। आशीष गुप्ता, विमल रिवाड़ी, नीरज गोयल, तनुज भसीन, मनोज पंजावी, मनोहर लाल धीरवानी, एसके सिंह, सतीश अग्रवाल, घनश्याम खंडेलवाल, पीयूष कुमार अग्रवाल, शेखर अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल, धनंजय विक्रम सिंह और शार्दुल शंखधार सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों ने उनका स्वागत करते हुए इसे उद्योग जगत के लिए गौरव का क्षण बताया।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button