वायरल VIDEO: प्रेमिका के साथ दिखा पति, पत्नी कार के बोनट पर लटकी… 100 मीटर तक घसीटने का आरोप
राहगीरों ने बाइक लगाकर रुकवाई कार, सड़क पर हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा; पति और महिला मित्र पर मुकदमा दर्ज

बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा-बलिया रोड पर शनिवार शाम पति, पत्नी और एक महिला मित्र के बीच सड़क पर ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि पति दूसरी महिला के साथ कार में जा रहा था। इसी दौरान पत्नी ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन कार न रुकने पर वह बोनट के पास वाइपर पकड़कर लटक गई। इसके बावजूद कार चालक ने वाहन नहीं रोका और महिला करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। बाद में राहगीरों और ग्रामीणों ने बाइक लगाकर कार रुकवाई, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा, मारपीट और हाथापाई हुई।
पत्नी बोली- दूसरी महिला के साथ देखकर रोकनी चाही कार
भमोरा क्षेत्र के गांव कटका रमन निवासी गोदावरी उर्फ उषा कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे वह अपने सात वर्षीय बेटे विराट के साथ देवचरा चौराहे पर गांव जाने के लिए खड़ी थी। तभी उसका पति नेत्रपाल कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि कार में गांव की पंचायत सहायक साधना पुत्री सोमपाल भी मौजूद थी।
पति को दूसरी महिला के साथ देखकर गोदावरी ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। महिला का आरोप है कि फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर आने पर कार की रफ्तार धीमी हुई तो उसने कार के वाइपर पकड़ लिए, लेकिन इसके बावजूद पति ने कार की गति बढ़ा दी। इससे वह करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
राहगीरों ने रोकी कार, फिर सड़क पर मचा बवाल
घटना देख मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल बाइक लगाकर कार को देवचरा-बलिया रोड पर रुकवाया। आरोप है कि कार रुकने के बाद भी चालक वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश करता रहा, जिससे गुस्साई भीड़ भड़क गई। लोगों ने कार का शीशा तोड़ दिया और चालक की पिटाई कर दी।
इसी दौरान गोदावरी और कार में मौजूद महिला साधना के बीच भी जमकर हाथापाई हुई। सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पंचायत सहायक ने कहा- आरोप बेबुनियाद
वहीं पंचायत सहायक साधना अपनी मां के साथ थाने पहुंची और खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया। उसका कहना है कि वह ब्लॉक कार्यालय से घर लौट रही थी। रास्ते में गांव निवासी नेत्रपाल मिल गए, जिनकी कार से वह घर आ रही थी। आरोप है कि देवचरा चौराहे पर नेत्रपाल की पत्नी ने बिना वजह उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि साधना की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
भमोरा थाना प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि महिला गोदावरी की तहरीर पर पति नेत्रपाल और पंचायत सहायक साधना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।






