बरेली कलेक्ट्रेट पर छलका आठ माह की गर्भवती युवती का दर्द

बरेली कलेक्ट्रेट पर छलका आठ माह की गर्भवती युवती का दर्द
शादी का सपना टूटा: गाजियाबाद से प्रेमी के बुलावे पर पहुंची युवती, घंटों इंतजार के बाद फूट-फूटकर रोई
बरेली। प्यार, भरोसा और शादी के वादे पर यकीन कर गाजियाबाद से बरेली पहुंची आठ माह की गर्भवती युवती का बुधवार को कलेक्ट्रेट गेट पर दर्द छलक पड़ा। जिस युवक के साथ नई जिंदगी शुरू करने का सपना लेकर वह बरेली आई थी, वही प्रेमी मौके पर नहीं पहुंचा। घंटों इंतजार के बाद युवती की आंखों से आंसू बहने लगे और मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की।
पीड़िता का आरोप है कि भोजीपुरा क्षेत्र निवासी युवक से उसकी करीब डेढ़ वर्ष पहले पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती का कहना है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक ने उसकी निजी वीडियो भी बना ली और उसी के जरिए उसे ब्लैकमेल करता रहा। इतना ही नहीं, उसने कई बार रुपये भी लिए।
शादी का दबाव बनाया तो बदल गए तेवर
युवती के मुताबिक जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने दूरी बनानी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे धमकियां भी दी गईं। इसके बावजूद युवक ने उसे फोन कर बरेली बुलाया और शादी करने का भरोसा दिया। प्रेमी की बातों पर भरोसा कर वह गाजियाबाद से सीधे बरेली कलेक्ट्रेट पहुंच गई, लेकिन वहां पहुंचने के बाद युवक का फोन बंद हो गया और वह मिलने नहीं आया।
कलेक्ट्रेट गेट पर रोती रही युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी देर तक कलेक्ट्रेट गेट के बाहर खड़ी होकर युवक का इंतजार करती रही। समय बीतने के साथ उसकी बेचैनी बढ़ती गई और आखिरकार वह रोने लगी। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस युवती को थाने ले गई, जहां उससे पूरे मामले की जानकारी ली गई।
पहले से दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार युवती की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ भोजीपुरा थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती को आगे की कार्रवाई के लिए भोजीपुरा थाना क्षेत्र भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सवालों के घेरे में रिश्तों का भरोसा
यह मामला एक बार फिर उन घटनाओं को सामने लाता है, जहां शादी का झांसा देकर युवतियों का शोषण किए जाने के आरोप लगातार बढ़ रहे हैं। आठ माह की गर्भवती युवती का कलेक्ट्रेट गेट पर अकेले रोना वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।





