परिजनों के विरोध से टूटे सपने, प्रेमी युगल ने जहर खाकर की आत्महत्या
परिवारों ने शादी से किया था इनकार, खेत में मिली युवती की लाश, अस्पताल में प्रेमी ने तोड़ा दम

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक अंत सामने आया है। शादी की मंजिल तक न पहुंच पाने की निराशा में प्रेमी युगल ने कथित रूप से जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। खेत में युवती का शव मिला, जबकि गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती का भोजीपुरा क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध था। युवक रिश्ते में युवती के मौसा का भाई बताया जा रहा है। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन जब उनके संबंधों की जानकारी परिवारों को हुई तो इसका विरोध शुरू हो गया।
परिजनों ने रिश्तेदारी और सामाजिक कारणों का हवाला देते हुए विवाह के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। बताया जा रहा है कि शादी न होने की वजह से दोनों मानसिक तनाव और अवसाद में चल रहे थे।
घर से निकलकर पहुंचे खेत, फिर उठा लिया खौफनाक कदम
शनिवार सुबह युवती प्रेमी के घर पहुंची। इसके बाद दोनों साथ में गांव के पास खेतों की ओर चले गए। वहां उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में दोनों की हालत बिगड़ने लगी।
युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक को परिजन गंभीर हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों परिवारों से पूछताछ की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी न हो पाने से जुड़ा सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
युवक पर पहले से दर्ज है दुष्कर्म का मुकदमा
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक युवक के खिलाफ पहले से दुष्कर्म का एक मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस इस मामले को भी जांच का हिस्सा बनाकर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
गांव में पसरा मातम
एक साथ दो युवाओं की मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर है। जिस प्रेम कहानी को दोनों विवाह के रूप में मुकाम देना चाहते थे, उसका अंत मौत के साथ हुआ। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना की चर्चा हो रही है।






