जमीन के विवाद में बेटे ने ले ली पिता की जान, पांच दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम
बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद, पत्नी को बचाने पहुंचे बुजुर्ग पर हॉकी और धारदार हथियार से हमला

बरेली। फरीदपुर क्षेत्र में जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बेटे और बहू पर अपने ही 60 वर्षीय पिता की हत्या का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान पांच दिन बाद मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी बेटा और बहू फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार फरीदपुर क्षेत्र के ढकनी गांव निवासी डालचंद्र राठौर उर्फ डोरीलाल (60 वर्ष) के परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह यह विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब बेटे गोपी और बहू ज्ञान देवी ने कथित रूप से जमीन बेचने का दबाव बनाते हुए घर में झगड़ा शुरू कर दिया।
परिजनों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर गोपी और ज्ञान देवी ने डालचंद्र की पत्नी पुष्पा देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी को बचाने के लिए जब डालचंद्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि बेटे और बहू ने उन पर हमला बोल दिया।
हॉकी और धारदार हथियार से किए ताबड़तोड़ वार
आरोप है कि गोपी और ज्ञान देवी ने मिलकर डालचंद्र को पकड़ लिया और उन पर हॉकी तथा धारदार हथियार से कई वार किए। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पैर में फ्रैक्चर हो गया। गंभीर रूप से घायल डालचंद्र मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपी बेटा और बहू घर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने घायल किसान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हत्या की धाराएं बढ़ीं, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
डॉक्टरों द्वारा मौत की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पहले दर्ज मारपीट के मुकदमे को अब हत्या की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि घायल किसान की मौत के बाद आरोपी गोपी और ज्ञान देवी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ा दी गई हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमीन के लालच में उजड़ा परिवार
गांव में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। जिस बेटे को पिता ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर पिता की जान लेने का आरोप लगने से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। संपत्ति विवाद में हुई इस दर्दनाक घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।






