No Slide Found In Slider.
बरेली

फिल्म देखकर निकले तो सामने आ गया ‘हॉरर सीन’, लिफ्ट में 35 मिनट कैद रहे 13 लोग

No Slide Found In Slider.

फिल्म देखकर निकले तो सामने आ गया ‘हॉरर सीन’, लिफ्ट में 35 मिनट कैद रहे 13 लोग

बत्ती गुल होते ही बीच मंजिल में अटक गई लिफ्ट, घबराहट में किशोरी बेहोश, गेट तोड़कर किया गया रेस्क्यू

बरेली, संवाददाता। शहर के प्रमुख मॉल में रविवार रात फिल्म देखकर घर लौट रहे लोगों के लिए कुछ मिनटों का सफर किसी डरावनी फिल्म से कम नहीं रहा। बिजली गुल होते ही लिफ्ट अचानक बीच मंजिल में अटक गई और उसमें सवार करीब 13 लोग अंदर कैद हो गए। घुटन, गर्मी और अंधेरे के बीच लोगों की सांसें अटक गईं। करीब 35 मिनट तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे में एक किशोरी बेहोश हो गई, जिसके बाद लिफ्ट के भीतर चीख-पुकार मच गई। आखिरकार मॉल प्रबंधन को लिफ्ट का गेट तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

घटना रविवार रात करीब 10 बजे सिटी सेंटर स्थित एलए मॉल की है। दूसरे तल पर स्थित मल्टीप्लेक्स में फिल्म समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में दर्शक नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग लिफ्ट में सवार होकर ग्राउंड फ्लोर की ओर जा रहे थे कि अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली जाते ही लिफ्ट पहले और दूसरे तल के बीच रुक गई।

शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि कुछ ही मिनटों में बिजली बहाल हो जाएगी और लिफ्ट चल पड़ेगी, लेकिन समय बीतने के साथ अंदर का माहौल तनावपूर्ण होता चला गया। लिफ्ट में मौजूद महिलाओं और बच्चों में घबराहट बढ़ने लगी। गर्मी और ऑक्सीजन की कमी महसूस होने पर बिहारीपुर निवासी 17 वर्षीय शालिनी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ी। किशोरी के बेहोश होते ही अंदर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

बाहर जुटी भीड़, अंदर मची चीख-पुकार

लिफ्ट के अंदर से मदद की आवाजें आने लगीं तो मॉल में मौजूद अन्य लोगों और कर्मचारियों ने बचाव कार्य शुरू किया। तकनीकी टीम ने कई बार लिफ्ट को सामान्य तरीके से खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान मॉल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजन भी परेशान नजर आए।

35 मिनट बाद तोड़ा गया गेट

करीब 35 मिनट तक चले प्रयासों के बाद जब कोई विकल्प नहीं बचा तो कर्मचारियों ने लिफ्ट का दरवाजा तोड़ने का निर्णय लिया। गेट तोड़कर एक-एक कर सभी लोगों को बाहर निकाला गया। बाहर आते ही लोगों ने राहत की सांस ली। बेहोश हुई किशोरी को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।

पुलिस भी पहुंची मौके पर

सूचना मिलते ही चौकी चौराहा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों से घटना की जानकारी ली और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की।

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिजली जाने के बाद जनरेटर संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान घबराहट में किसी व्यक्ति द्वारा लिफ्ट पर जोरदार लात मारने से सेंसर सिस्टम प्रभावित हो गया, जिससे लिफ्ट तकनीकी रूप से लॉक हो गई।

वहीं एसपी सिटी ने कहा कि लिफ्ट में फंसे लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद मॉल की सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं कई लोगों ने मॉल प्रबंधन से लिफ्टों की नियमित तकनीकी जांच और बेहतर आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button