कालीबाड़ी-रोडवेज क्षेत्र में चला सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, वसूला गया जुर्माना

कालीबाड़ी-रोडवेज क्षेत्र में चला सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, वसूला गया जुर्माना
बरेली, 17 जून। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर निगम बरेली द्वारा कालीबाड़ी-रोडवेज क्षेत्र में संयुक्त रूप से सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फल विक्रेताओं, दुकानदारों तथा अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आमजन को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए इसके उपयोग से बचने की अपील की। स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए कपड़े के थैले तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया।
जांच के दौरान कई स्थानों पर प्रतिबंधित पॉलीथीन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। साथ ही उन्हें भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य एवं पशुओं के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। इसके उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने तथा लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
अभियान में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से लक्ष्मी नारायण एवं अंकुर अग्रवाल तथा नगर निगम की ओर से संजय पुंडीर, संजीव कुमार, नीरज कुमार, प्रवर्तन दल के सदस्य एवं स्वच्छ भारत मिशन की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बरेली के निर्माण में अपना सहयोग दें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से पूर्णतः परहेज करें।






