एयरफोर्स गेट के पास मिठाई की दुकान में भीषण आग, सिलिंडर फटने से मचा हड़कंप; छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

एयरफोर्स गेट के पास मिठाई की दुकान में भीषण आग, सिलिंडर फटने से मचा हड़कंप; छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नैनीताल रोड स्थित एयरफोर्स गेट के पास मंगलवार तड़के एक मिठाई की दुकान और उससे जुड़े स्टोर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान के अंदर रखा एलपीजी सिलिंडर भी फट गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार बैरियर वन चौकी क्षेत्र में स्थित पी कुमार स्वीट्स नामक मिठाई की दुकान एवं स्टोर में सुबह तड़के अचानक आग लग गई। उस समय अधिकांश दुकानें बंद थीं। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा तो तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलती चली गई और दुकान के अंदर रखे एलपीजी सिलिंडर भी इसकी चपेट में आ गए। कुछ ही देर बाद एक सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक कुल छह दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास की दुकानों और भवनों तक फैलने से रोका तथा काफी प्रयासों के बाद आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया।
एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना में दुकान और स्टोर में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया है। समय रहते दमकल टीम के पहुंच जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों और रिहायशी भवनों को भी भारी नुकसान हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।





