बरेली में दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से चचेरे भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली में दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से चचेरे भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम
बरेली। जनपद बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के कैनी गांव में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। गांव में एक पुरानी पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम चचेरे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिवार में कोहराम छा गया।
मृतकों की पहचान 8 वर्षीय अंशु और 7 वर्षीय इशिका के रूप में हुई है। दोनों बच्चे चचेरे भाई-बहन थे। उनके पिता अजीत कश्यप और नन्हे कश्यप सगे भाई हैं, जो परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बाहर मजदूरी करते हैं। दोनों बच्चे गांव में अपनी दादी के साथ रह रहे थे।
रस्क लेकर लौट रहे थे, तभी टूटी मौत बनकर दीवार
गुरुवार को अंशु और इशिका गांव की दुकान से रस्क लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में स्थित एक पुरानी पक्की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
बच्चों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलते ही मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दादी बच्चों की मौत का सदमा सहन नहीं कर सकीं और बेसुध हो गईं। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
एक दिन पहले ही लौटे थे ननिहाल से
ग्रामीणों के अनुसार, अंशु और इशिका एक दिन पहले ही अपने ननिहाल से वापस गांव लौटे थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि अगले ही दिन यह मासूम हादसे का शिकार हो जाएंगे। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस दीवार के गिरने से हादसा हुआ वह पक्की थी, लेकिन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | लाइव भारत टीवी






