No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली: भीम आर्मी ने अलंकार अग्निहोत्री की बर्खास्तगी और संपत्ति जांच की मांग पर किया प्रदर्शन

बरेली में अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ प्रदर्शन, भीम आर्मी ने की बर्खास्तगी के साथ संपत्ति जांच की मांग

No Slide Found In Slider.

बरेली में गुरुवार को भीम आर्मी (भारत एकता मिशन) के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए वे कलक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव को सौंपा। ज्ञापन में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उनकी बर्खास्तगी और संपत्ति की जांच की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल सागर, मंडल उपाध्यक्ष आकाश सागर, दिनेश सागर, महेश कठेरिया और बृजेश कुमार सहित पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने प्रशासनिक निष्पक्षता को भंग किया और जाति आधारित गतिविधियों में संलिप्त रहे। उन्होंने कहा कि यूजीसी 2026 के विरोध के बीच दिए गए इस्तीफे के संदर्भ में उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई आवश्यक है।

भीम आर्मी नेताओं का कहना है कि अग्निहोत्री ने अपने कार्यकाल में ब्राह्मण समाज के संगठन और उत्थान को लेकर लगातार बैठकें कीं। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्यालय को निजी कार्यालय की तरह इस्तेमाल किया और व्हाट्सएप समूहों व सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जाति आधारित नेटवर्क तैयार किया।

पदाधिकारियों ने मांग की कि उनके कार्यकाल के दौरान की गई कथित पक्षपातपूर्ण और समाज विभाजनकारी गतिविधियों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त कर भविष्य में किसी भी सार्वजनिक पद के लिए अयोग्य घोषित किया जाए। साथ ही उनकी संपत्ति की भी जांच की जाए।

इस मामले में कलक्ट्रेट में जनता दर्शन के दौरान एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें भीम आर्मी का ज्ञापन प्राप्त हुआ है, जिसे वह सक्षम स्तर पर कार्रवाई के लिए अग्रेषित करेंगी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button