No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

पीलीभीत जिला अस्पताल में पैरामेडिकल छात्रा की हत्या: सहपाठी ने सीटी स्कैन रूम में चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, इलाज के दौरान मौत

एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका, आरोपी छात्र गिरफ्तार; मेडिकल कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन

No Slide Found In Slider.

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद से मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में एक पैरामेडिकल छात्रा की उसके ही सहपाठी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। यह वारदात अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में हुई, जहां आरोपी ने अचानक छात्रा पर कई वार कर दिए। छात्रा को बचाने पहुंची महिला कर्मचारी भी हमले में घायल हो गईं। गंभीर हालत में छात्रा को बरेली रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीटी स्कैन रूम में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने अपनी सहपाठी कशिश पटेल पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना तेज और लगातार था कि छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। उसकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल कर्मी और अन्य लोग मौके की ओर दौड़े।
इसी दौरान छात्रा को बचाने के लिए आगे आई सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
बरेली रेफर, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना के तुरंत बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने घायल छात्रा को कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से बरेली रेफर कराया। रास्ते और अस्पताल में अनावश्यक भीड़ न जुटे, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था भी की गई।
बरेली पहुंचने पर डॉक्टरों ने छात्रा का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मेडिकल कॉलेज के छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
कर्मचारियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया
हमले के बाद अस्पताल कर्मचारियों और अन्य लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी छात्र सागर सिंह को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग का एंगल, हर पहलू की जांच
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे एकतरफा प्रेम प्रसंग या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बरेली की रहने वाली थी कशिश
मृतक छात्रा कशिश पटेल बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव की रहने वाली थीं। वह पिछले एक वर्ष से पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल (नर्सिंग) की पढ़ाई कर रही थीं और कॉलेज के छात्रावास में रहती थीं।
पिता बोले- हमें नहीं पता क्यों मार दी हमारी बेटी
पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे मृतका के पिता रोहिदास पटेल ने कहा कि उन्हें अब तक यह नहीं पता कि उनकी बेटी की हत्या क्यों की गई। उन्होंने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना बताया गया कि किसी युवक से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने चाकू से हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी परिवार के बेहतर भविष्य के लिए पढ़ाई कर रही थी। परिवार में एक भाई और एक बहन हैं। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि बेटी की मौत से मां गिरिजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मेडिकल कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की पैरामेडिकल छात्राओं और अन्य छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ाने, दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस कर रही गहन जांच
फिलहाल पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button