IAS अफसर बनकर रचाई शादी! लाखों के गहने हड़पे, पति की हत्या की कोशिश का आरोप; दुल्हन गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी बताकर शादी की, फिर लाखों रुपये के गहने और कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं, पति ने पत्नी पर गला दबाकर हत्या की कोशिश करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचौमी निवासी अभिषेक ने 28 जून को अपनी पत्नी साधना, उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
IAS अधिकारी बताकर किया शादी का झांसा
पीड़ित के अनुसार, उसकी शादी 7 फरवरी 2025 को बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम संतौत पट्टी ईशा निवासी साधना से हुई थी। शादी से पहले साधना स्वयं को IAS अधिकारी बताती थी। वहीं उसके परिजनों ने भी दावा किया था कि कोर्ट में लंबित मामला खत्म होते ही उसकी नियुक्ति हो जाएगी और वह अभिषेक को भी सरकारी नौकरी दिलवा देगी। इन्हीं बातों पर विश्वास कर परिवार ने शादी कर दी।
15 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी लेने का आरोप
अभिषेक का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद साधना ने कोर्ट केस और नियुक्ति का हवाला देकर उसके गहने, मां के जेवर, करीब 15 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी तथा शादी में मिला अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिया।
20 बीघा जमीन बेचने का बनाया दबाव
शिकायत के अनुसार, जेवर लेने के बाद साधना ने परिवार पर 20 बीघा जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने कथित तौर पर IAS होने का रौब दिखाते हुए झूठे मुकदमों में फंसाने, जेल भिजवाने और जान से मरवाने की धमकी दी।
पति का आरोप- गला दबाकर हत्या की कोशिश
पीड़ित का कहना है कि 12-13 मार्च 2026 की रात साधना ने उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचने पर उसने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। बाद में गांव की पंचायत में भी साधना द्वारा गहने लेने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया गया है।
पहले भी ठगी के आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि साधना पहले भी कई लोगों से इसी तरह धोखाधड़ी कर चुकी है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने की कार्रवाई
फरीदपुर थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नोट: इस खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।






