No Slide Found In Slider.
बरेली

कलेक्ट्रेट गेट पर दंपति ने बच्ची संग आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

कलेक्ट्रेट मुख्य गेट पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मीरगंज क्षेत्र का एक दंपति अपनी मासूम बच्ची के साथ आत्मदाह करने के इरादे से पहुंच गया।

No Slide Found In Slider.

बरेली। कलेक्ट्रेट मुख्य गेट पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मीरगंज क्षेत्र का एक दंपति अपनी मासूम बच्ची के साथ आत्मदाह करने के इरादे से पहुंच गया। दंपति ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने तत्काल उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर तीनों को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव खमरिया साहनी निवासी लाल सिंह अपनी पत्नी और बेटी के साथ सुबह करीब 11:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास करने लगे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद इंटेलिजेंस उपनिरीक्षक ओपी सिंह, पुलिसकर्मी अमित, ड्यूटी इंचार्ज संदीप शर्मा तथा होमगार्ड राजपाल सिंह और मीरा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेट्रोल की बोतल छीन ली और तीनों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

लाल सिंह का आरोप है कि उनके मकान के निकास को लेकर पड़ोसियों से करीब 40 वर्षों से विवाद चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि थाना दिवस, संपूर्ण समाधान दिवस सहित कई अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका यह भी आरोप है कि मीरगंज एसडीएम कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड उन्हें लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है। इसी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दंपति और उनकी बेटी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। शिकायतों एवं लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के चलते कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस प्रशासन पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटा है।

रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल, बरेली

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button