कोहरे और रफ्तार का कहर: बरेली में दो सड़क हादसों ने उजाड़ दिए दो परिवार, पांच की मौत

बरेली। गुरुवार की सुबह बरेली के लिए अमंगल साबित हुई। घने कोहरे, तेज रफ्तार और लापरवाही ने जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच जिंदगियां छीन लीं। एक ओर मजदूरी पर जा रहे ई-रिक्शा सवार डंपर की चपेट में आ गए, तो दूसरी ओर एक पिता अपने दो बेटों के साथ ट्रक की टक्कर में काल का ग्रास बन गया। दोनों घटनाओं से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
रिठौरा में डंपर ने ई-रिक्शा रौंदा, दो की मौके पर मौत
रिठौरा कस्बे में राजश्री पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा डंपर के नीचे दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।नवाबगंज थाना क्षेत्र के यासीननगर निवासी ई-रिक्शा चालक हाशिम पुत्र आजाद हुसैन अपने वाहन से भोजीपुरा के गांव लाड़पुर जा रहा था। उसके साथ रिछोला गांव के सलीम, नसरुद्दीन और रहीसद्दीन उर्फ मंझले सवार थे। सभी नल की बोरिंग का काम करने जा रहे थे। यू-टर्न ले रहे डंपर ने अचानक ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चालक हाशिम और सलीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नसरुद्दीन और रहीसद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन शव देखकर बेसुध हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य चल रहा था और घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
देवरनियां में पिता और दो बेटों की दर्दनाक मौत
दूसरी हृदयविदारक घटना देवरनियां थाना क्षेत्र में सामने आई। यहां इटौआ गांव निवासी 55 वर्षीय पप्पू अपने बेटों विशाल (15) और विवेक (20) के साथ गुरुवार सुबह मजदूरी के लिए बाइक से किच्छा जा रहे थे। गुडवर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पप्पू छह बच्चों का पालन-पोषण मजदूरी कर करता था। एक ही झटके में परिवार का सहारा छिन गया। पत्नी शीला का रो-रोकर बुरा हाल है, घर में मातम पसरा हुआ है। यहां भी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा।






