No Slide Found In Slider.
बरेली

कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी सख्त, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज

No Slide Found In Slider.

रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | बरेली
बरेली। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, लटकते विद्युत तार हटाए जाएं, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।
बैठक में लाल फाटक पुल के दोनों ओर गड्ढों एवं जलभराव की समस्या, बभिया रोड स्थित बिचैलिया गांव के पास स्ट्रीट लाइट, किला पुल के नीचे प्रकाश व्यवस्था, अलखनाथ मंदिर के निकट ट्रांसफार्मर की सुरक्षा, गोताखोरों के लिए छोटी नाव एवं लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने तथा नवदिया झादा पुल के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
डीएम ने नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत, खुले नालों पर स्लैब लगाने, साफ-सफाई तथा निराश्रित गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य यात्रा प्रारंभ होने से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्वागत द्वार, वाटरप्रूफ टेंट, भंडारे, पेयजल, भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा कंट्रोल रूम स्थापित कर स्टेटिक, सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जाएगी। महिला कांवड़ियों के लिए अलग शौचालय एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने तथा समाजसेवी संगठनों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ मार्गों एवं प्रमुख शिव मंदिरों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने साफ-सफाई, जलभराव, बिजली के लटकते तार, गड्ढों की मरम्मत, पेड़ों की सूखी शाखाओं की छंटाई तथा निराश्रित पशुओं को हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि भंडारों में वितरित किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए तथा रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे की ऊंचाई एवं चौड़ाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो और इसकी जानकारी सभी कांवड़ जत्थेदारों तक समय रहते पहुंचा दी जाए। साथ ही सिविल डिफेंस के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान 30 स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 23 ग्रामीण एवं 7 शहरी क्षेत्रों में संचालित होंगे। सभी शिविरों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता रहेगी तथा कांवड़ियों को मेडिकल किट भी वितरित की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह, संतोष कुमार सिंह, अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, सचिव बरेली विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button