बरेली में डंपर-डीसीएम की भीषण भिड़ंत, दोनों वाहन सड़क पर पलटे
कुआं डांडा तिराहे के पास हुआ हादसा, दोनों चालकों की हालत गंभीर, पुलिस ने शुरू की जांच

बरेली। जनपद बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुआं डांडा तिराहे के पास धर्म कांटे के सामने खाली डंपर और लकड़ी से लदी डीसीएम की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
पुलिस के मुताबिक, खाली डंपर नवादिया झाड़ से बीसलपुर की ओर जा रहा था, जिसे सूरज यादव पुत्र फूल सिंह चला रहे थे। दूसरी ओर से हरियाणा नंबर HR 58 F 1404 की लकड़ी से भरी डीसीएम आ रही थी, जिसका चालक वहाब निवासी शामली था। आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में डीसीएम चालक वहाब गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की सहायता से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं डंपर चालक सूरज यादव भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें कोपल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुआं डांडा तिराहा और आसपास का क्षेत्र भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने यहां प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल






