दूसरी शादी दो माह भी नहीं चली: पत्नी और ससुराल से परेशान नर्सिंग असिस्टेंट ने जहर खाकर दी जान, मौत से पहले वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

दूसरी शादी दो माह भी नहीं चली: पत्नी और ससुराल से परेशान नर्सिंग असिस्टेंट ने जहर खाकर दी जान, मौत से पहले वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
इलाज के दौरान मौत, पिता की तहरीर पर पत्नी समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज; वायरल वीडियो की भी जांच में जुटी पुलिस
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से आहत होकर एक नर्सिंग असिस्टेंट ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, साले, साली और साढ़ू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौत से पहले बनाए गए मृतक के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कुलदीप गोस्वामी के रूप में हुई है। उनके पिता सत्यपाल गोस्वामी ने आरोप लगाया कि कुलदीप का अपनी दूसरी पत्नी गुंजन से लगातार विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुंजन, उसका भाई अमित, बहन रीना और बहनोई सतीश मिलकर कुलदीप का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहे थे। झूठे आरोप लगाकर मुकदमेबाजी की धमकी दी जा रही थी, जिससे वह लंबे समय से तनाव में थे।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को कुलदीप अपनी ससुराल गए थे, जहां उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। अचेत अवस्था में उन्हें सदर कैंट स्थित डाकघर के पास छोड़ दिया गया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार तड़के करीब चार बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पहले भी विवादों में रहा वैवाहिक जीवन
पुलिस जांच में सामने आया कि कुलदीप की पहली शादी करीब 15 वर्ष पहले दयावती से हुई थी, जिससे उनका 13 वर्षीय बेटा उत्कर्ष है। पहली पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। करीब तीन माह पहले दोनों के बीच समझौता हुआ और ढाई लाख रुपये देकर तलाक हो गया। इसके बाद लगभग दो महीने पहले कुलदीप ने गुंजन से दूसरी शादी की थी।
दूसरी शादी के बाद बढ़ा विवाद
परिजनों का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद घर से नकदी और जेवर गायब होने लगे। कुलदीप ने पत्नी पर चोरी का आरोप लगाया, जबकि गुंजन ने पलटवार करते हुए देवर पर चोरी का आरोप लगा दिया। बाद में 70 हजार रुपये और गायब होने की बात सामने आई। परिजनों का दावा है कि रकम जमा कराने की रसीद गुंजन के पास मिली, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। इसी बीच गुंजन ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार
मृत्यु से पहले बनाए गए एक वीडियो में कुलदीप ने कथित रूप से अपनी पत्नी गुंजन, साले अमित, साली रीना और साढ़ू सतीश को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान थे और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। पुलिस वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पुलिस का पक्ष
कैंट थाना पुलिस का कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






