बरेली में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भव्य तैयारी, एनआरएलएम तैयार करेगा राष्ट्रीय ध्वज; 6 से 15 अगस्त तक चलेगा जनअभियान
🇮🇳 बरेली में 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियां तेज।

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बरेली प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को अभियान की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान का जनआंदोलन बने। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक विद्यालय, महाविद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थान में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डूडा एवं डीसी एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) को बड़े स्तर पर तिरंगा तैयार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि विकास भवन से भव्य तिरंगा रैली निकाली जाए, वहीं जिले के सभी विकास खंडों में भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही अटल आवासीय विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने, अन्नपूर्णा भवनों पर आकर्षक लाइटिंग एवं ध्वजारोहण, तथा सभी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा कराने के निर्देश दिए। वहीं पेट्रोल पंपों एवं एलपीजी एजेंसियों पर ध्वजारोहण सुनिश्चित कराने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
तीन चरणों में चलेगा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’
जिला पंचायत राज अधिकारी ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 6 से 15 अगस्त तक अभियान तीन चरणों में संचालित होगा।
पहला चरण (6 से 8 अगस्त):
विद्यालयों की दीवारों एवं बोर्डों को तिरंगा थीम पर आधारित कलाकृतियों से सजाया जाएगा। तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं सैनिकों तथा पुलिसकर्मियों के सम्मान में ‘आभार पत्र’ लिखने जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यार्थियों द्वारा लिखे गए पत्र डाक विभाग के माध्यम से भेजे जाएंगे।
दूसरा चरण (9 से 12 अगस्त):
जनपदभर में ‘तिरंगा महोत्सव’ एवं ‘तिरंगा मेला’ का आयोजन होगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को www.harghartiranga.com पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए विशेष एचजीटी सेल्फी बूथ भी स्थापित किए जाएंगे।
तीसरा चरण (13 से 15 अगस्त):
सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, विद्यालयों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त करेगा और राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिलेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों
के अधिकारी उपस्थित रहे।






