No Slide Found In Slider.
Breaking Newsour teamSend Your Newsउत्तरप्रदेशखेलदेशबरेलीबिज़नेसमनोरंजनराज्यशाहजहांपुरहोम

गन्ना भवन में हुई समीक्षा बैठक, चीनी मिलों को समय पर रिपेयर पूरा करने और ढुलाई वाहनों में अनिवार्य जीपीएस लगाने के निर्देश

गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन की आपत्तियों का हो निष्पक्ष निस्तारण, पेराई सत्र की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उप गन्ना आयुक्त

No Slide Found In Slider.

बरेली। आगामी पेराई सत्र को सुचारु, सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से बुधवार को गन्ना भवन सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र ने अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन के दौरान प्राप्त होने वाली सभी आपत्तियों का संबंधित अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो।

बैठक में गन्ना सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप गन्ना आयुक्त ने कार्यों में आवश्यक सुधार कर निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी पेराई सत्र शुरू होने से पहले क्षेत्र की सभी चीनी मिलें रिपेयर एवं मेंटिनेंस कार्यों में तेजी लाएं और यांत्रिक, विद्युत तथा बॉयलर से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर लें।

उन्होंने गन्ना सर्वेक्षण कार्य की प्रजातिवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आंकड़े तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। साथ ही सहकारी गन्ना विकास समितियों से कहा गया कि सभी पात्र नए किसानों का सदस्य पंजीकरण समय पर पूरा करें तथा कोई भी पात्र किसान सदस्यता से वंचित न रहे।

बैठक में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों को अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके लिए किसानों को विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने की सलाह दी गई।

उप गन्ना आयुक्त ने चीनी मिल प्रबंधन को निर्देशित किया कि गन्ना ढुलाई में लगे सभी वाहनों में अनिवार्य रूप से जीपीएस सिस्टम लगाया जाए तथा वाहनों की निगरानी के लिए प्रत्येक चीनी मिल में अलग कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, ताकि परिवहन व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

बैठक में परिक्षेत्र के उप चीनी आयुक्त, समस्त जिला गन्ना अधिकारी, सहायक चीनी आयुक्त, संभागीय विपणन अधिकारी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक तथा सहकारी गन्ना विकास समितियों के सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चीनी मिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button