पशुधन मंत्री ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले—2027 में प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी भाजपा सरकार

पशुधन मंत्री ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले—2027 में प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी भाजपा सरकार
बरेली। प्रदेश के दुग्ध एवं पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने जातिगत राजनीति को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सोमवार को विकास भवन में आयोजित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज बनकर काम करती है। जनता साल-दर-साल इसका प्रमाण देख रही है। जो दल बिरादरी और जाति के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, उनका राजनीतिक वजूद धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा भाजपा सरकार पर अल्पसंख्यकों की अनदेखी करने के आरोप पर कैबिनेट मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जो चोर होते हैं, उन्हें सभी चोर नजर आते हैं।” मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति स्पष्ट है—“न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी का नहीं।” जो भी कानून का उल्लंघन करेगा या गलती करेगा, उसे दंड अवश्य मिलेगा।
गोवंश संरक्षण के संसाधन बढ़ाएगी सरकार
मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में पशुधन मंत्री ने अधिकारियों को निराश्रित गोवंशों की देखभाल और संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। सभी जिलों में गोशालाओं की संख्या बढ़ाने के साथ चारा, पानी, चिकित्सा और आश्रय सहित आवश्यक संसाधनों का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से गोशालाओं का नियमित निरीक्षण करने और वहां संरक्षित गोवंशों को पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी तथा समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
छात्रों पर लाठीचार्ज का जवाब दे झारखंड सरकार
झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के सवाल पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छात्रों को देश का भविष्य मानते हैं। विद्यार्थियों के साथ हमेशा संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को लेकर झारखंड सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी हमला
प्रेस वार्ता के दौरान पशुधन मंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी का राजनीतिक वजूद लगातार कमजोर हो रहा है। उत्तर प्रदेश में जो भी दल जाति या बिरादरी के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करेगा, जनता उसे नकार देगी—चाहे वह कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी।
2027 में फिर सरकार बनाने का दावा
धर्मपाल सिंह ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था से संतुष्ट है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत हासिल कर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।






